औरैया : प्रोजेक्ट नई किरण से 14 परिवारों में लौटी खुशियां

 


औरैया, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में रविवार को महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। इसमें आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के चलते अलग रह रहे 14 दंपतियों की काउंसिलिंग की गई।

काउंसलिंग के दौरान पुलिस टीम ने पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव और विवाद को बातचीत के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया। समझाने-बुझाने के बाद सभी 14 परिवार एक साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद दंपतियों को खुशी-खुशी उनके परिवार के साथ विदा किया गया।

महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण के तहत पुलिस की ओर से पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत और समझौते के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को बिखरने से बचाकर उन्हें फिर से एक सूत्र में बांधना है।

इस दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। पुलिस के इस प्रयास से दंपतियों और उनके परिवारीजनों में खुशी का माहौल रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार