तबियत बिगड़ने से सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
औरैया, 30 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्कीपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक विपिन बिहारी पुत्र स्व. नबाब सिंह की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के समय मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र रामकरन ने गांव के समीप संचालित निजी अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने और कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार रविवार को विपिन बिहारी की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें गांव के समीप स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। रामकरन का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक ने उनके पिता की नस में इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद सुई नहीं निकल सकी, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर परिजन विपिन बिहारी को शहर स्थित 50 शैया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अचानक हुई मौत से परिजन सदमे में हैं। रामकरन ने कहा कि वह अपने पिता का पोस्टमार्टम कराएंगे और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। परिवार की ओर से बहू राममूर्ति ने भी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि विपिन बिहारी सेवानिवृत्त शिक्षक थे।
परिजनों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पंजीकरण संचालित होने वाले निजी क्लीनिकों की जांच कराने की मांग भी की है। उनका कहना है कि नियमों की अनदेखी कर कई स्थानों पर निजी क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार