संकुल शिक्षक बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता सुधार पर जोर

 


औरैया, 21 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कंपोजिट विद्यालय गौहानी कलां में मंगलवार को संकुल स्तरीय शिक्षक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष दीपक दुबे ने की। इसमें विभागीय योजनाओं की समीक्षा के साथ शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार और समयबद्ध ढंग से कार्यों के निस्तारण पर जोर दिया गया।

नोडल शिक्षक जितेंद्र पाल सिंह ने नवोदय प्रवेश परीक्षा, एनएमएमएस, इंस्पायर अवार्ड, प्रेरणा पोर्टल, अपार आईडी और निपुण लक्ष्य समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने का आह्वान किया।

बैठक में नवोदय एवं एनएमएमएस आवेदन, इंस्पायर अवार्ड के लिए छात्र चयन, हरितिमा ऐप पर पौधारोपण की जियो टैगिंग, कायाकल्प योजना, कक्षा एक से पांच तक विद्यार्थियों का अधिगम प्रोफाइल तैयार करने, इको क्लब गतिविधियों, प्रेरणा पोर्टल के लंबित कार्य, अपार आईडी निर्माण और डिजिटल छात्र उपस्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति बढ़ाने, स्वच्छता, खेलकूद, योग और पुस्तकालय के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया गया।

ब्लॉक अध्यक्ष दीपक दुबे ने कहा कि शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और विभागीय कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। बैठक के अंत में विद्यालयों की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।

इस दौरान अरुण कुमार, संजय वर्मा, नरेंद्र कुशवाहा, श्रीहरि त्रिपाठी, सीमा राजपूत, अर्चना गौतम, सारिका गुप्ता, नर सिंह, कृष्ण कुमार, अंकिता, देवेंद्र गुर्जर सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार