प्रधानाध्यापक के अवकाश से विद्यालय की व्यवस्था बिगड़ी, उपस्थिति को लेकर सहायक अध्यापक और शिक्षामित्र के बीच मारपीट
औरैया, 14 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को प्रधानाध्यापक के अवकाश पर रहने के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। विद्यालय देर से खुलने के बाद उपस्थिति दर्ज करने को लेकर शिक्षामित्र और सहायक अध्यापक के बीच विवाद हो गया। सहायक अध्यापक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक विद्यालय अयाना के प्रधानाध्यापक अमृत प्रकाश पांडेय स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अवकाश पर हैं। उन्होंने कार्यभार सहायक अध्यापक अजय कुमार को सौंपा था। बाद में अजय कुमार के भी अवकाश पर चले जाने पर विद्यालय की चाबियां शिक्षामित्र नूरीना मुबारक को दे दी गईं।
मंगलवार को शिक्षामित्र नूरीना मुबारक के समय पर विद्यालय न पहुंचने के कारण सहायक अध्यापक शिखा मिश्रा, दीपिका कटियार, शिक्षामित्र रेखा सेंगर और कई छात्र-छात्राएं विद्यालय के बाहर इंतजार करते रहे। सुबह करीब 7:50 बजे नूरीना मुबारक के पहुंचने के बाद विद्यालय का ताला खोला गया और पढ़ाई शुरू हो सकी।
विद्यालय खुलने के बाद उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर को लेकर शिक्षामित्र और सहायक अध्यापक शिखा मिश्रा के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शिक्षामित्र ने सहायक अध्यापक के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद शिखा मिश्रा ने डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस विद्यालय पहुंची और स्टाफ के साथ मौजूद बच्चों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं।
अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि सहायक अध्यापक की ओर से मारपीट की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार