बिठूर से डाक कांवड़ लेकर भारेश्वर महादेव पहुंचे असेवा के युवा
भरेह में यमुना-चंबल संगम पर गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष, सावन के चौथे सोमवार को चढ़ाया जल
औरैया, 24 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत असेवा के युवाओं ने सावन के चौथे सोमवार को आस्था और भक्ति का अनूठा परिचय दिया। युवाओं ने बिठूर से डाक कांवड़ यात्रा शुरू की और कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर यमुना-चंबल के संगम तथा दुर्गम बीहड़ क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध भारेश्वर महादेव मंदिर, भरेह पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
युवाओं ने बताया कि बिठूर से कांवड़ में जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए भरेह पहुंचना उनके लिए बेहद श्रद्धा और उत्साह का विषय रहा। कठिन रास्तों और बीहड़ क्षेत्र की दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद युवाओं के कदम नहीं रुके। सावन के चौथे सोमवार की पावन बेला में भारेश्वर महादेव पर जल चढ़ाने के बाद सभी ने भगवान शिव से परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
युवाओं ने कहा कि डाक कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भरेह पहुंचने के बाद यमुना और चंबल नदियों के संगम का मनोहारी दृश्य तथा बीहड़ के बीच स्थित प्राचीन भारेश्वर महादेव मंदिर का वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां पहुंचकर ऐसा लगा मानो प्रकृति और भक्ति का अद्भुत संगम हो रहा हो।
सावन के चौथे सोमवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। असेवा के युवाओं की डाक कांवड़ यात्रा भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। यात्रा के दौरान युवाओं ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ भगवान शिव का स्मरण करते हुए अपनी यात्रा पूरी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार