भाजपा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान, हवन-पूजन और दीपक जलाकर मनाया प्रधानमंत्री माेदी का जन्मदिन

 


औरैया, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रक्तदान, मंदिर में हवन-पूजन और दीया जलाकर उनके दीर्घायु एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान जिला अस्पताल में मरीजों को फल भी वितरित किए गए।

जिला अस्पताल 50 शैय्या में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। जिला अस्पताल पहुंचकर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री ब्रजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, विधायक गुड़िया कठेरिया, क्षेत्रीय मंत्री धीरेन्द्र वर्मा, जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया और मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई।

इसके बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने देवकली मंदिर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए हवन-पूजन किया। दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री ब्रजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, क्षेत्रीय मंत्री धीरेन्द्र वर्मा, मीडिया प्रभारी भूरे चौबे, जिला महामंत्री विशाल शुक्ला और युवा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर ने हवन में आहुतियां दीं। मंदिर परिसर में आशीर्वाद का दीया भी जलाया गया।

राज्य मद्यनिषेध परिषद, उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष ब्रजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की बात लगातार रखी है। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका, डिजिटल सेवाओं, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया गया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प का अवसर है। कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, अंकुर तिवारी, पीयूष चतुर्वेदी, अर्जुन दीक्षित, विनय शुक्ला, रामजी मिश्रा, श्यामू अवस्थी, कौशल राजपूत, आशीष कठेरिया, प्रभाकर सेंगर, दीपक पुरवार, मनीष कठेरिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार