जिला ओलंपिक संघ औरैया ने खिलाड़ी अभिषेक को लिया गोद, 12वीं तक की पढ़ाई का उठायेगा पूरा जिम्मा

 


औरैया, 02 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जिला ओलंपिक संघ औरैया ने सराहनीय पहल करते हुए प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी अभिषेक को गोद लिया है। में संघ के महासचिव मनीष मिश्रा ने बताया कि परिषदीय कंपोजिट विद्यालय बेरी धनकर, अजीतमल के छात्र अभिषेक ने अपनी खेल प्रतिभा काे देखते हुए सर्वांगीण विकास का जिम्मा उठाया है।

मनीष मिश्रा ने बताया कि अभिषेक ने इस वर्ष बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कुश्ती में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया था। उसकी तकनीकी दक्षता, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए जिला ओलंपिक संघ औरैया के चेयरमैन कृष्ण मोहन उपाध्याय एवं अध्यक्ष राज कुमार दुबे ने अभिषेक काे गोद लेने का निर्णय लिया। इसके अंतर्गत कक्षा 12 तक की शिक्षण शुल्क, पुस्तकें, खेल किट एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वह बिना किसी आर्थिक बाधा के अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सके।

अभिषेक की खेल प्रतिभा को और निखारने के लिए जिला ओलंपिक संघ की टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन होशियार सिंह राजपूत को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार