नुमाइश मैदान में पौधारोपण, दुकानदारों को सौंपी पौधों की जिम्मेदारी

 




औरैया, 30 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से रविवार को मोहल्ला तिलक नगर स्थित नुमाइश मैदान में जीवनधारा पौधारोपण अभियान चलाया गया। समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में शमी, हरसिंगार, बेलपत्र, चितवन, कदम और अशोक समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। लोगों को उनकी पसंद के पौधे भी निःशुल्क वितरित किए गए।

पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी आसपास के दुकानदारों को सौंपी गई। पौधारोपण के बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर गोष्ठी हुई। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों की अहम भूमिका है। ये वायु को शुद्ध करने के साथ कार्बन डाइऑक्साइड सोखकर तापमान नियंत्रित करने में मदद करते हैं।

उन्होंने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई और प्राकृतिक संसाधनों से छेड़छाड़ के कारण पर्यावरण असंतुलन बढ़ रहा है। सदस्यों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील की।

संस्थापक ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 4470 पौधों का पौधारोपण एवं वितरण किया जा चुका है। 5100 पौधों के लक्ष्य तक अभियान जारी रहेगा। इस दौरान तेज बहादुर वर्मा, डॉ. शिवकुमार सोनी, डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा, देवमुनि पोरवाल, मनीष पुरवार, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, कुलदीप बाजपेई, रमेश चंद्र शर्मा, सतीश कुमार समेत पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार