पिंडदान स्थल पर लगाए छायादार पौधे, समिति सदस्यों को मिली देखभाल की जिम्मेदारी

 


औरैया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से संचालित 'जीवनधारा पौधारोपण अभियान' के तहत बुधवार को समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति ने यमुना तट मार्ग स्थित खानपुर के पिंडदान स्थल पर पौधारोपण किया। अभियान में पंजाब नेशनल बैंक, औरैया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भागीदारी निभाई। इस दौरान चितवन, नीम, पकड़िया और अशोक सहित छायादार पौधों को ट्री गार्ड के साथ लगाया गया। पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी समिति के सदस्यों को सौंपी गई।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि खानपुर स्थित पिंडदान स्थल पर प्रतिदिन शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार के बाद पिंडदान के लिए पहुंचते हैं। प्रतिदिन करीब दस दिवंगतों का पिंडदान होता है, जिससे यहां सैकड़ों लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में भीषण गर्मी और धूप से राहत दिलाने के उद्देश्य से यहां छायादार पौधे लगाए गए हैं।

पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू) ने बताया कि समिति 5100 पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ लगातार पौधारोपण अभियान चला रही है। इसके तहत यमुना तट, मंगला काली मंदिर, परिक्रमा मार्ग, देवकली मंदिर, सार्वजनिक पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए जा रहे हैं। समिति पौधारोपण के बाद उनकी नियमित देखभाल भी कर रही है। यदि कोई पौधा नष्ट हो जाता है तो उसके स्थान पर नया पौधा लगाया जाता है। साथ ही लोगों को उनकी पसंद के पौधे भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राजीव पोरवाल ने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक आशीष वर्मा, सहायक प्रबंधक जितेंद्र प्रताप सिंह, सिद्धार्थ पुरवार, सौरभ शुक्ला, डॉ. शिवकुमार सोनी, विनोद कुमार पोरवाल, अनिल कुमार सोनी, संजय अग्रवाल, तेज बहादुर वर्मा, राकेश गुप्ता, संतोष कुशवाहा सहित समिति के पदाधिकारी और पर्यावरण प्रहरी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार