'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत औरैया में चला महावृक्षारोपण, जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों ने लगाए पौधे

 


औरैया, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार वृक्षारोपण महाअभियान-2026 एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविवार को जनपद औरैया में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वन विभाग, पुलिस, न्यायपालिका, ग्राम पंचायतों और विभिन्न सरकारी विभागों के संयुक्त प्रयास से हजारों पौधे रोपे गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

थाना दिबियापुर क्षेत्र के जमुहा वन ब्लॉक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पौधारोपण के साथ किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अभियान के अंतर्गत औरैया पुलिस ने 10,200 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। कार्यक्रम में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण और स्वच्छ भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

इधर, नव निर्माण न्यायालय परिसर ककोर में भी एक पेड़ माँ के नाम थीम पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष कु. पारुल जैन ने की, जबकि संचालन प्रभारी सचिव विष्णु शंकर पांडे ने किया। पारुल जैन ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश देता है।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विवेक त्रिपाठी, अपर जिला जज महेश कुमार, सिविल जज अमन शुक्ला, बार एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह भदौरिया, महामंत्री अजय पाल, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया।

इसके अलावा जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। पूरे जिले में चले इस महाअभियान के माध्यम से हरित प्रदेश, स्वच्छ प्रदेश और पर्यावरण संरक्षण का व्यापक संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार