नगर पंचायत फफूंद में बिजली कटौती से हाहाकार, चेयरमैन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर नगर पंचायत फफूंद के चेयरमैन मोहम्मद अनवर कुरैशी ने जिलाधिकारी बृजेश कुमार से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा।
चेयरमैन ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में बताया कि शहरी क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के निर्देश हैं, लेकिन फफूंद नगर को वर्तमान में करीब छह से 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
इसके साथ ही बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
अनियमित बिजली आपूर्ति से व्यापारी, दुकानदार और आम नागरिक परेशान हैं। बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में बिजली न होने से पानी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
चेयरमैन ने जिलाधिकारी बृजेश कुमार से केशमपुर सबस्टेशन से 33 केवीए चपटा बिजलीघर को अलग करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या कम होगी तथा नगर की विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकेगी। चेयरमैन ने विद्युत विभाग से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार