प्रयागराज से सैफई तक साइकिल से निकली पीडीए कांवड़ यात्रा का औरैया में सपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

 


औरैया, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की विभिन्न विधानसभाओं से पवित्र संगम का गंगाजल लेकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कांवड़ यात्रा पर निकले समाजवादी पार्टी (सपा) के युवा कार्यकर्ताओं का शनिवार को जनपद औरैया पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। साइकिल से प्रयागराज संगम का गंगाजल लेकर निकले युवा साथी सैफई में श्रद्धेय नेता मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा पर जलाभिषेक करने के लिए जा रहे हैं। यात्रा के औरैया पहुंचने पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ नेशनल हाईवे स्थित एक होटल पर फूल-मालाओं से यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि पार्टी के युवा साथी कमलेश यादव, विकास भदारी, सुनील यादव, देवेंद्र जगतपुर, अमरदीप यादव और कृष्णा यादव (मास्टर) प्रयागराज संगम से गंगाजल भरकर श्रद्धेय नेता मुलायम सिंह यादव के समाधि स्थल सैफई पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि औरैया की ओर से सभी युवा साथियों का बहुत-बहुत स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि युवाओं के इस उत्साह और संघर्ष की भावना से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह आशा करते हैं कि वर्ष 2027 में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का युवाओं का सपना पूरा होगा। उन्होंने कहा कि जनपदवासियों की भी यही इच्छा है और पार्टी कार्यकर्ता इसके लिए पूरी मजबूती से काम करेंगे।

सपा के वरिष्ठ नेता लालजी शुक्ला ने कहा कि प्रयागराज से गंगाजल लेकर युवा साथी सैफई के लिए निकले हैं। उनका यह संघर्ष और उत्साह आगे भी कायम रहेगा। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा से जुड़े युवाओं की सक्रियता संगठन को नई ऊर्जा देती है।

पीडीए साइकिल कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे कृष्ण यादव मास्टर ने स्वागत के दौरान कहा कि औरैया में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की ओर से मिले इस प्यार और स्नेह को देखकर वह बेहद खुश हैं। उन्होंने सभी का आभार जताया।

इस दौरान महेन्द्र त्रिपाठी, गुड्डू सेंगर, राहुल तिवारी सभासद, एडवोकेट उपेंद्र भारती, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, मनीष कठेरिया, राम रतन दोहरे सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार