औरैया : देवकली मंदिर परिसर में हुआ पौधारोपण, पीएसी जवानों को सौंपी पौधों की जिम्मेदारी

 


औरैया, 11 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया की ओर से चलाए जा रहे जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत मंगलवार को देवकली मंदिर प्रांगण स्थित पीएसी सुरक्षा शिविर में पौधारोपण किया गया। अभियान का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने किया।

इस दौरान मधुकामिनी, बेलपत्र, हरसिंगार, कदम, गुड़हल, पीपल, पकड़िया, बरगद, चितवन, बोतल पाम, अमरूद और नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी पीएसी के जवानों को सौंपी गई।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि मौसम पौधारोपण के लिए अनुकूल होने के कारण समिति की ओर से यमुना तट, मंगला काली मंदिर, परिक्रमा पथ सहित अन्य सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुद्ध प्राणवायु और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पांच जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू किए गए लक्ष्य-5100 जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत अब तक 3280 पौधों का रोपण एवं लोगों की पसंद के पौधों का वितरण किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने तक अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर पीएसी जवान अविनाश कुमार, राकेश कुमार, कुंवर पाल सिंह, हरेंद्र यादव, संतोष कुमार, अजय पाल सिंह, नरेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त बैंककर्मी तेज बहादुर वर्मा, शेखर गुप्ता, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), डॉ. आर्य प्रबुद्ध, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, विपुल कुमार, राजीव पोरवाल (रानू), हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी, कुलदीप बाजपेई (बाबा), ओम प्रकाश, सतीश कुमार सहित अन्य पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार