निर्जला एकादशी पर युवाओं ने लगाया शर्बत वितरण शिविर, राहगीरों को मिली राहत
औरैया, 25 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को कस्बा अजीतमल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच सामाजिक एवं धार्मिक भावनाओं से प्रेरित युवाओं ने राहगीरों को शीतल शर्बत पिलाकर राहत पहुंचाई।
क्षेत्र के ग्राम मौहारी स्थित हाईवे की सर्विस रोड पर युवाओं द्वारा विशेष रूप से टेंट लगाकर शर्बत वितरण शिविर लगाया गया। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों, यात्रियों एवं राहगीरों को ठंडा शर्बत पिलाकर गर्मी से राहत दी गई। सेवा कार्य में जुटे युवाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ लोगों का स्वागत कर उन्हें शीतल पेय उपलब्ध कराया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार निर्जला एकादशी पर किया गया दान-पुण्य अत्यंत फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए पुण्य कार्यों से पूर्वजों की आत्मा को शांति प्राप्त होती है तथा उनका आशीर्वाद परिवार पर बना रहता है। इसी भावना के साथ युवाओं ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विकास, अतुल पांडेय, नीरज, अनिल पोरवाल, धर्मवीर, धर्मेंद्र, उमेश, पंकज, लक्ष्मण, हेमपाल, निक्की, विशम्भर, गोलू, सूरज सहित अनेक युवाओं ने व्यवस्थाएं संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। ग्रामीणों ने भी युवाओं के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
-------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार