नई किरण ने बुझते रिश्तों में भरी उम्मीद, 14 परिवार फिर हुए एक

 


महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में हुई सुनवाई, आपसी मतभेद दूर कर साथ रहने को हुए राजी

औरैया, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पति-पत्नी के बीच आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के चलते अलग रह रहे 14 परिवारों के लिए पुलिस का प्रोजेक्ट नई किरण उम्मीद की नई रोशनी लेकर आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में रविवार को प्रोजेक्ट नई किरण के तहत परिवारों की काउंसिलिंग की गई। समझाने-बुझाने के बाद सभी परिवार साथ रहने के लिए राजी हो गए।

प्रोजेक्ट नई किरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में ऐसे परिवारों के मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। विवाद बढ़ने के कारण दोनों कुछ दिनों से अलग रह रहे थे और परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गए थे। महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर और प्रोजेक्ट के सदस्यों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही आपसी मतभेद और मनमुटाव दूर कर परिवार को बचाने के लिए समझाया।

काउंसिलिंग के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद 14 परिवारों को हंसी-खुशी उनके घर के लिए विदा किया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से बिखरे परिवारों को आपसी संवाद और समझौते के जरिए एक सूत्र में बांधने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार