एक विचित्र पहल” समिति ने मीनाक्षी के विवाह में दिया गृहस्थी का सामान व आर्थिक सहयोग
औरैया, 19 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी मीनाक्षी के विवाह में सहयोग कर मानवता की मिसाल पेश की। मोहल्ला बनारसीदास निवासी हरिश्चंद्र, जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, उनकी पुत्री मीनाक्षी का विवाह 21 जून को ग्राम मढ़ापुर निवासी साहब सिंह के साथ संपन्न होना है। ऐसे में मीनाक्षी की मां कुसमा देवी ने समिति से मदद की गुहार लगाई थी।
शुक्रवार को समिति के सदस्य मीनाक्षी के घर पहुंचे, जहां “सखी ग्रुप” की महिलाओं ने रोली-चावल से तिलक कर, माल्यार्पण व पुष्पवर्षा के साथ उसका अभिनंदन किया। इसके बाद समिति एवं जनसहयोग से विवाह हेतु गृहस्थी का आवश्यक सामान और आर्थिक सहायता प्रदान की गई। समिति द्वारा 40 किलो आटा, 10 किलो चावल, अरहर दाल, गुड़, फैंसी लहंगा सेट, साड़ियां, सूट, तौलिया, स्टील के बर्तन, बेडशीट, स्टील बाल्टी, डिब्बा, परात, केसरोल, 3 लीटर कुकर, नाश्ता किट, टेबल फैन, कटोरी सेट, प्रेस, चूड़ियां, श्रृंगार सामग्री, दीवार घड़ी सहित कई उपयोगी सामग्री भेंट की गई। सहयोग पाकर परिवार के चेहरे खिल उठे।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि संस्था अब तक जनसहयोग से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की 72 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में मदद कर चुकी है और मीनाक्षी संस्था की ओर से सहायता पाने वाली 73वीं बेटी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना संस्था का निरंतर प्रयास है।
संस्था के संस्थापक “औरैया रत्न” आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सर्वसमाज की वास्तविक जरूरतमंद बेटियों के लिए दान-दहेज के रूप में सेवा कार्य आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर सखी ग्रुप की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई, मंजू गुप्ता, राखी गुप्ता, मधु शर्मा, एकता गुप्ता, बबिता गुप्ता, मंगला शुक्ला, पुष्पा गुप्ता, डॉ. आर्य प्रबुद्ध, एल.एन. गुप्ता, विनोद कुमार पोरवाल, हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी, सोनू अग्रवाल, सतीश पोरवाल सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार