मेडिकल की रिफर स्लिप फाड़ने पर युवक के खिलाफ रिपोर्ट
औरैया, 23 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मेडिकल परीक्षण के दौरान मिली रिफर स्लिप फाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीआरडी जवान अनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पीआरडी जवान अनीता देवी निवासी भौतापुर थाना अयाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सितंबर माह में उनकी ड्यूटी थाना अयाना में लगी है। 12 सितंबर को कार्यालय से उन्हें सूचना दी गई कि पीड़िता खुशी उर्फ रक्षा पुत्री धर्मेंद्र भदौरिया का मेडिकल परीक्षण कराया जाना है। इस पर वह पीड़िता और उसके भाई ऋषि भदौरिया के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए चिचौली अस्पताल पहुंचीं।
अस्पताल में परीक्षण के दौरान पीड़िता के कान में चोट होने के कारण चिकित्सक ने उसे आवश्यक जांच के लिए रेफर कर दिया और रिफर स्लिप अनीता देवी को दे दी। तहरीर के अनुसार पीड़िता के भाई ऋषि भदौरिया निवासी धनऊपुर ने रिफर स्लिप यह कहते हुए ले ली कि अगले दिन अस्पताल जाना है और वह स्लिप लेकर आएगा।
आरोप है कि इसके बाद 12 सितंबर से लगातार फोन के माध्यम से ऋषि को बुलाकर मेडिकल जांच कराने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं आया। 21 सितंबर को ऋषि ने पीआरडी जवान को थाने के बाहर बुलाया और रिफर स्लिप को फाड़कर दो टुकड़े कर दिए। दोनों टुकड़े अनीता देवी को देते हुए कथित तौर पर कहा कि इन्हें रख लो और जो करना हो कर लो, वह किसी से नहीं डरता।
पीआरडी जवान ने आरोप लगाया कि युवक ने सरकारी दस्तावेज फाड़कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ऋषि भदौरिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई प्रचलित है।
हिंदुस्थान समाचार/सुनील कुमार
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार