पुलिस लाइन में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप आयोजित, 110 पुलिसकर्मियों व परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

 


औरैया, 02 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा के साथ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने लाभ उठाया।

होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर निशुल्क परामर्श दिया तथा आवश्यक होम्योपैथिक दवाइयों का वितरण किया। वहीं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर में जिला अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन एवं महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। कुल 110 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं। इस अवसर पर पुलिस परिवार के सदस्यों ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को उपयोगी बताते हुए नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार