औरैया : तालाब में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
औरैया, 20 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा में गुरुवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। गांव निवासी 35 वर्षीय महावीर पुत्र बलवान बंथरा की तालाब के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। बीते दिवस एक युवक की फांसी पर लटक कर हुई मौत को लोग भुला भी नहीं पाये थे कि गुरुवार को एक युवक की तालाब डूबकर हुई मौत ने लोगों गमजंदा कर दिया।
महावीर के पेट में दर्द की समस्या रहती थी। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे महावीर खेतों की ओर जाने के लिए निकला था। तालाब के पास से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर तालाब के गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। आनन फानन में लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से महावीर को तालाब के पानी से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने देखते ही उसे महावीर की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी रूबी, चार बेटियां—वर्षा (10 वर्ष), प्रांशी (9 वर्ष), राधा (7 वर्ष), नैन्सी (1 माह) और 2 साल के मासूम बेटे आशीष को छोड़ गया है। एक माह की मासूम बच्ची और छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी कमल कुमार सिंह ने कहा कि मृतक के परिवार को शासनादेश के अनुसार आर्थिक सहायता दिलायी जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार