मिर्गी का दौरा पड़ने से रामगंगा नहर में गिरा युवक, दूसरे दिन मिला शव

 


बेला क्षेत्र में हादसे के बाद मचा हड़कंप, पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान

औरैया, 13 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की रामगंगा नहर में डूबने से मौत हो गई। शनिवार शाम नहर किनारे टहलने के दौरान अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने से युवक नहर में गिर गया। देर रात तक पुलिस, ग्रामीणों और गोताखोरों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह युवक का शव नहर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अलीपुर निवासी आशुतोष पुत्र कृष्ण कुमार सविता शनिवार शाम रामगंगा नहर के किनारे टहलने गया था। बताया गया कि इसी दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह संतुलन बिगड़ने से नहर में जा गिरा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवक को नहर में गिरते देखा तो तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कर दी। सूचना बेला पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलते ही एसडीएम बिधूना कमल कुमार सिंह, सीओ पुनीत मिश्रा, बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फायर ब्रिगेड की टीम और गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया गया। ग्रामीण भी देर रात तक नहर के किनारे संभावित स्थानों पर युवक की तलाश करते रहे। अंधेरा होने के कारण अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रविवार सुबह एक बार फिर तलाश शुरू की गई, जिसके बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रातभर नहर किनारे युवक के मिलने की आस में डटे रहे।

परिजनों के अनुसार आशुतोष तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।

सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा ने बताया कि युवक का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार