हिंदू एकता से ही होगा हिंदू राष्ट्र का निर्माण: महंत मधुराम
औरैया, 12 जुलाई (हि. स.)। शिव शक्ति अखाड़ा के प्रमुख महंत शिवाजी मधुराम महाराज ने रविवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के गांव लहरापुर पहुंचकर हिंदुत्व की एकता, सनातन धर्म की रक्षा और युवाओं में बढ़ते नशे के चलन जैसे विषयों पर आयोजित बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र की स्थापना के लिए समाज के सभी वर्गों और जातियों को एकजुट होना होगा, तभी भेदभाव समाप्त होगा और समाज मजबूत बनेगा।
महंत मधुराम ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित होकर अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी विधर्मी की मंशा को सफल नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए सभी सनातनियों को दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करना होगा। बैठक में सनातन धर्म की रक्षा, गोरक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महंत ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि सनातन समाज केवल दर्शक न बने, बल्कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।
महंत शिवाजी मधुराम महाराज ने धार्मिक आयोजनों में बढ़ती फूहड़ता पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि त्योहारों और धार्मिक यात्राओं के दौरान देवी-देवताओं के स्वरूपों को सड़क पर नचाना आस्था का अपमान है। उन्होंने ऐसी प्रवृत्तियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंस रही है। संगठन का उद्देश्य युवाओं को इस दलदल से निकालकर धर्म, राष्ट्र सेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से वह प्रदेशभर में भ्रमण कर कार्यकर्ताओं और युवाओं को जागरूक करने का अभियान चला रहे हैं। बैठक में सूरज पाठक, मन्नू तोमर, अंशुल, रविंद्र चतुर्वेदी, लालजी दिवाकर, अंकुर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में लहरापुर निवासी देवेंद्र सिंह चौहान, श्यामू सिंह राजावत, श्याम जी दुबे तथा टीटू भदौरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार