औरैया : जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज का दबदबा
औरैया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल स्थित श्री जनता इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान पर रविवार को जनपदीय विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता जनता महाविद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य शिव प्रकाश दुबे ने की।
मुख्य अतिथि सर्वोदय इंटर कॉलेज साफर के प्रधानाचार्य राज कुमार पांडे रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संयोजक कृष्ण मोहन उपाध्याय ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की कुल 14 टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें सर्वोदय इंटर कॉलेज साफर, श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल, जन सहयोगी इंटर कॉलेज अमावता, वैदिक इंटर कॉलेज दिबियापुर, कंपोजिट विद्यालय शाहपुर (लालपुर), मानस इंटर कॉलेज कंचौसी, राजकीय हाईस्कूल भटोली और राजकीय हाईस्कूल बिझाई समेत अन्य विद्यालय शामिल रहे। आयोजन सचिव एवं जिला क्रीड़ा सचिव होशियार सिंह राजपूत ने सभी टीमों, खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय शाहपुर (लालपुर) विजेता रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल ने बाजी मारी। अंडर-17 बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल विजेता रहा, जबकि राजकीय हाईस्कूल बिझाई उपविजेता रहा।
अंडर-19 बालक वर्ग में श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल विजेता और वैदिक इंटर कॉलेज दिबियापुर उपविजेता रहा। अंडर-19 बालिका वर्ग में भी श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल विजेता रहा।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। निर्णायकों को भी शील्ड प्रदान की गई।
निर्णायक मंडल में सुरेंद्र प्रकाश पाठक, इंद्रपाल सिंह गुर्जर, भूपदीप सिंह, शिवम चौहान, श्रीकृष्ण, उपेंद्र कुमार, पवन नायक, मोहित यादव, विक्रम, अभि तिवारी, राजेश शुक्ला, मानवेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह चौहान, पवनेंद्र दीक्षित, टिंकू और सतपाल गुर्जर मौजूद रहे। संचालन जिला व्यायाम शिक्षक बेसिक मनीष मिश्रा ने किया। आयोजन में मधु सिंह, यशेंद्र कुमार, संदीप बाथम, सुधीर दुबे आदि ने सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार