औरैया : पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक व साथियों के भाग्य का फैसला 19 को

 


-बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड व संबंधित मामलों की सुनवाई पूरी, छह साल पांच माह तक चला मुकदमा

औरैया, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक के भाग्य का फैसला 19 अगस्त 2026 को होगा। दोहरे हत्याकांड व उससे संबंधित मामलों की सुनवाई मंगलवार को पूरी हो गई तथा सुनवाई कर रही विशेष एमपी एमएलए कोर्ट ने इस मामले के निर्णय की तारीख 19 अगस्त निश्चित की है।

शहर के नरायनपुर मोहल्ला स्थित पंचमुखी मंदिर परिसर में 15 मार्च 2020 को अधिवक्ता मंजुल चौबे व उसकी चचेरी बहन सुधा की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक, उनके दो भाई पूर्व ब्लाॅक प्रमुख संतोष पाठक व रामू पाठक और उनके सगे संबंधी समेत 11 लोगों को हत्या का आरोपित बनाते हुए जेल में निरुद्ध किया था। इस मामले में आरोपित कमलेश पाठक पर गैंगस्टर भी लगाया गया, जिसमें वह दोषी करार दिए गए और उनकी सजा जेल के अंदर पूरी हो गई। उन पर दोबारा गैंगस्टर भी कुछ माह पूर्व लगाया गया व दो अन्य मामले पंजीकृत किए गए। इस मुकदमे की खास बात यह रही कि घटना के बाद से अभी तक केवल उनके सरकारी गनर अवनीश की रिहाई जमानत मंजूर हो सकी। सभी आरोपितों को अलग-अलग जेलों में रखा गया है। कमलेश पाठक को केंद्रीय कारागार आगरा में रखा गया है।

इस मामले के पक्षकारों ने केस के पक्ष व विपक्ष में हाईकोर्ट ही नहीं सुप्रीम कोर्ट तक पैरवी की। जिसके कारण मामले की दिन प्रतिदिन सुनवाई चली। बचाव पक्ष के वरिष्ठ वकील गोपाल बाजपेई ने बहस पूरी की। वहीं मंगलवार को अभियोजन की ओर से हृदय नारायण पांडेय व उनके सहयोगी अंकुर अवस्थी ने बहस पूरी कर दी। दोनों पक्षकारों की बहस पूर्ण होने पर सत्र न्यायालय विशेष एमपी एमएलए कोर्ट विनय कुमार सिंह ने हत्याकांड व उससे जुड़े जानलेवा हमले, आर्म्स एक्ट आदि मामलों के निर्णय की तिथि 19 अगस्त तय कर दी।

बचाव पक्ष के वरिष्ठ वकील गोपाल बाजपेई ने बताया कि यूके चर्चित मामले का निर्णय छह साल पांच माह बाद आना तय हो गया है। फैसले की तारीख पर सभी आरोपितों को जेल से कोर्ट लाया जाएगा और फैसला सुनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार