वक्फ बोर्ड की जमीन बताकर अतिक्रमण हटाने पहुंची जेसीबी को लौटना पड़ा

 


अजीतमल बस स्टैंड के पूर्वी हिस्से में कार्रवाई का विरोध, प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे तो वापस लौटी टीम

औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील प्रशासन की ओर से कस्बे में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शुक्रवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब नगर पंचायत की टीम बस स्टैंड के पूर्वी हिस्से में अतिक्रमण हटाने पहुंची। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जमीन को वक्फ बोर्ड की संपत्ति बताते हुए कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। लोगों के जेसीबी के सामने खड़े होने के बाद नगर पंचायत की टीम को कार्रवाई रोकनी पड़ी।

इससे पहले प्रशासनिक टीम ने पुराने मुगल रोड किनारे विद्या टाकीज के समीप स्थित तालाब की गाटा संख्या 264 से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाया। इसके बाद देर शाम नगर पंचायत की टीम बस स्टैंड के पूर्वी हिस्से में कबाड़े की दुकान के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार जेसीबी लेकर गाटा संख्या 194 स्थित नगर पंचायत की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंचे थे। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही मुस्लिम समुदाय के लोग मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने संबंधित भूमि को वक्फ बोर्ड की संपत्ति बताते हुए अतिक्रमण हटाने का विरोध किया।

विरोध के चलते मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

नगर पंचायत की टीम ने मौके पर तहसील प्रशासन के अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार किया। करीब एक घंटे तक इंतजार के बावजूद कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद नगर पंचायत की टीम बिना कार्रवाई किए जेसीबी लेकर वापस लौट गई।

एक ही दिन में एक स्थान पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होने और दूसरी जगह विरोध के बाद कार्रवाई रुक जाने को लेकर कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

मामले में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि संबंधित भूमि के अभिलेखों की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। अभिलेखों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार