औरैया में भक्ति और संस्कृति के बीच मना हनुमान जन्मोत्सव, बच्चों ने दिखायी प्रतिभा
औरैया, 02 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पी बी आर पी अकादमी दिबियापुर में गुरुवार काे हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंगलाचरण एवं भक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय हो उठा। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सौरव कश्यप ने भगवान हनुमान के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कथाएं सुनाते हुए विद्यार्थियों को साहस, सेवा और अटूट भक्ति का संदेश दिया।
प्रार्थना सभा के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान के स्वरूप में सजे विद्यार्थियों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और भक्ति में लीन हो गए। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. ललित पाण्डेय ने अपने संदेश में कहा कि भगवान हनुमान का जीवन निस्वार्थ सेवा, अटूट भक्ति और अदम्य साहस की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इसी क्रम में इंजी. दिनेश पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक मूल्यों और नैतिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया। नए सत्र के प्रथम दिन इस शुभ आयोजन ने पूरे वर्ष के लिए सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संदेश दिया। विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर दिव्या दिवाकर, ऋचा पोरवाल, संगीता दीक्षित, शशि पाल, सोनाक्षी, सेजल, सुदीप, निकिता सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार