पिता पर बेटी को मारपीट कर नहर में फेंकने का आरोप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
औरैया, 16 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना बेला क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक 14 वर्षीय बालिका को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहार में भर्ती कराया गया। घायल बालिका ने अपना नाम काजल तथा पिता का नाम दिनेश निवासी निराला नगर, थाना शिवली जनपद कानपुर देहात बताया।
काजल ने पुलिस और चिकित्सकों को बताया कि उसके पिता दिनेश तथा मां सुनीता उसे चौबेपुर से बिधूना स्थित अपनी बुआ के घर ले जाने के लिए स्कूटी से निकले थे। रास्ते में पिता ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और कथित रूप से जान से मारने की नीयत से बडेराहार और बूंचपुर गांव के बीच पटना नहर में फेंक दिया। बताया जाता है कि नहर में पानी कम होने के कारण बालिका किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने उसे घायल अवस्था में देखा और तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना बेला प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी एवं पुरवा सुजान चौकी प्रभारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और घायल बालिका को उपचार के लिए सीएचसी सहार पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर सहार थानाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी भी पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सीएचसी सहार में चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बालिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल औरैया रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा बालिका के परिजनों और घटना से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार