औरैया : फसल में दवा का छिड़काव करते समय किसान की तबीयत बिगड़ी, मौत
औरैया, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के रजौहपुर-शाहबाजपुर गांव निवासी किसान शिशुपाल पुत्र गंगाराम की बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह धान की फसल में दवा का छिड़काव करने खेत पर गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने उन्हें तत्काल ऑटो से शहर के 50 शैया संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के भतीजे शिवम ने बताया कि चाचा शिशुपाल खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है।
मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम न होने के कारण मृत्यु के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सदर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसान की तबीयत खेत में दवा का छिड़काव करते समय बिगड़ी थी, लेकिन इसे मौत का कारण नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार