खाद वितरण को लेकर सहार समिति पर किसानों का धरना, सचिव बोले—डीएपी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

 


औरैया, 03 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति, सहार में सोमवार को खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विपिन राजपूत एवं ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने आरोप लगाया कि समिति समय पर नहीं खुलती, जिससे उन्हें आवश्यकतानुसार खाद नहीं मिल पाती और खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।

धरने के दौरान किसानों ने समिति के नियमित समय पर संचालन, खाद वितरण व्यवस्था में सुधार तथा बिना अनावश्यक विलंब के किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

वहीं, समिति सचिव मधु जायसवाल ने किसानों के आरोपों का जवाब देते हुए बताया कि 30 जुलाई को समिति को 300 बोरी यूरिया प्राप्त हुई थी, जिसमें से रविवार तक 251 बोरी वितरित की जा चुकी थी। शेष 49 बोरी का वितरण सोमवार को किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को 300 बोरी डीएपी प्राप्त हुई थी, जिसमें से अब तक 70 किसानों को खाद दी जा चुकी है, जबकि 230 बोरी डीएपी अभी भी समिति में उपलब्ध है। इसके अलावा 600 बोरी यूरिया की नई मांग भी भेजी जा चुकी है।

समिति सचिव ने बताया कि सहार समिति के अंतर्गत सहार, पूर्वा दानशाह, पूर्वा रावत, रामनगर, किचहिया गोपालपुर, जीवा सिरसानी, शाहबाजपुर, तिलकपुर, बहादुरपुर और हरबंशपुर सहित दस ग्राम पंचायतें आती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार बिधूना ब्लॉक के किसान भी यहां खाद लेने पहुंच जाते हैं, जिससे अतिरिक्त दबाव बनता है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार