औरैया : कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी से हुआ किसानों का चयन

 


-कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी से हुआ किसानों का चयन

औरैया, 03 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने के लिए आवेदन करने वाले किसानों का मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। कृषि यंत्रीकरण सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन एवं फसल अवशेष प्रबंधन योजनांतर्गत 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए यह प्रक्रिया जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के सदस्यों और संबंधित किसानों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

ई-लॉटरी के माध्यम से पावर वीडर, फार्म मशीनरी बैंक, कल्टीवेटर, मल्टीक्रॉप थ्रेसर, आलू बोने की मशीन, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, सेल्फ प्रोपेल्ड राइस ट्रांसप्लांटर, शक्तिचालित चॉप कटर, रीपर कंबाइनर, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर और सुपर सीडर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए लाभार्थियों का चयन किया गया।

चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से चयन की सूचना भेज दी गई है। साथ ही कृषि यंत्र खरीदकर पोर्टल पर बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। निर्धारित समयावधि में कृषि यंत्र खरीदकर बिल अपलोड नहीं करने पर संबंधित किसान का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।

कृषि यंत्र खरीदते समय विक्रेता को बिल की 50 प्रतिशत धनराशि का ऑनलाइन भुगतान करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा डीलर को यूपी यंत्र ट्रैकिंग पोर्टल पर किसान का विवरण और बिल अपलोड करना होगा। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर अनुदान राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा।

इस दौरान उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान सहित अन्य कृषक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार