औरैया के सभी सर्किल मुख्यालयों पर परिवार परामर्श केंद्र शुरू

 


औरैया, 20 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पारिवारिक विवादों के समाधान और परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में औरैया पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार काे जनपद के सभी सर्किल मुख्यालयों पर नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्रों का शुभारंभ किया गया।

थाना कोतवाली औरैया परिसर में नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र की उपस्थिति तथा पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में फीता काटकर किया गया। वहीं थाना अजीतमल और थाना बिधूना में बनाए गए परिवार परामर्श केंद्रों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ हुआ।

इन केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान आपसी संवाद, परामर्श और समझौते के आधार पर कराने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य विवादों को केवल कानूनी प्रक्रिया तक सीमित रखने के बजाय संवेदनशीलता और समझदारी के साथ परिवारों के बीच उत्पन्न मतभेदों को दूर कराना है।

परिवार परामर्श केंद्रों में पति-पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्यों के बीच विवादों को सुनकर दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया जाएगा। आपसी विश्वास और पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के साथ परिवारों को बिखरने से बचाने पर विशेष जोर रहेगा।

औरैया पुलिस की यह पहल पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सभी सर्किल मुख्यालयों पर सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर संवेदनशील एवं प्रभावी मंच मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार