औरैया के जसवंतपुर में जलभराव से सत्र परीक्षा स्थगित, अधिकारियों ने शुरू कराई पानी निकासी
औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कुछ घंटे की बारिश ने जसवंतपुर गांव में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा कर दी। गांव की गलियां और मुख्य रास्ते पानी में डूब गए। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर द्वारा नाला बंद किए जाने के कारण बारिश का पानी गांव में रुक गया। जलभराव का असर विद्यालय की पढ़ाई पर भी पड़ा और कंपोजिट विद्यालय में होने वाली सत्र परीक्षा स्थगित करनी पड़ी।
कंपोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापक मुन्नी देवी ने बताया कि शुक्रवार को सत्र परीक्षा प्रस्तावित थी। जलभराव के बावजूद शिक्षक पानी के बीच विद्यालय पहुंचे, लेकिन जलभराव के चलते पंजीकृत 50 विद्यार्थियों में से महज 11 बच्चे ही स्कूल पहुंच सके। विद्यार्थियों की कम उपस्थिति के चलते परीक्षा स्थगित कर दी गई। अब पानी कम होने पर शनिवार को परीक्षा कराने की तैयारी है।
गांव में जलभराव की सूचना मिलने पर एसडीएम अजीतमल निखिल राजपूत, बीडीओ वीरेंद्र दुबे और एडीओ पंचायत विजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बुलडोजर से सड़क खुदवाकर पानी की निकासी कराने का प्रयास किया। इससे गांव में जमा पानी निकालने का काम शुरू कराया गया।
बीडीओ वीरेंद्र दुबे ने बताया कि जसवंतपुर गांव में आसपास के करीब 10 गांवों का बारिश का पानी बहकर आता है। पुलिया बंद होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई और गांव में जलभराव की स्थिति पैदा हुई। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी निकालने का काम शुरू करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही पीडब्ल्यूडी की ओर से पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। पुलिया बनने के बाद बारिश के पानी की निकासी सुचारु होने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार