औरैया में ईद का उल्लास: नमाज, गले मिलन और भाईचारे का संदेश

 


औरैया, 21 मार्च (हि.स.)। रमजान माह के समापन पर चांद दिखते ही ईद मनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में ईद के अवसर पर शनिवार सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। लोग नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर और आपसी भाईचारे की भावना के साथ नमाज अदा करने के लिए घरों से निकले। शहर काजी द्वारा निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान पूरे माहौल में प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

नमाज के बाद शहर के जमालशाह तिराहे स्थित बिलाल मस्जिद के पास जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की उपस्थिति भी देखने को मिली।

समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, लालजी शुक्ला और गणेश सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं।

नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता भी अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और लोगों से गले मिलकर त्योहार की बधाई दी।

ईद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की सतर्कता के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, सीओ सिटी अशोक कुमार और अन्य अधिकारियों ने भी लोगों को ईद की बधाई दी।

कुल मिलाकर औरैया में ईद का त्योहार आपसी प्रेम, शांति और भाईचारे के माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार