आवारा कुत्तों के झुंड ने 40 भेड़ों को नोचा, पशुपालक को लाखों का नुकसान
औरैया, 08 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बेला बस्ती में बुधवार देर रात आवारा कुत्तों के झुंड ने एक पशुपालक की भेड़ों पर हमला कर दिया। हमले में करीब 40 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। घटना से पशुपालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बेला बस्ती निवासी पिंटू उर्फ श्रवण कुमार पुत्र गंगा राम ने बताया कि उनके पास कुल 82 भेड़ें हैं, जिन्हें रोज की तरह रात में बाड़े में बांधा गया था। देर रात अचानक भेड़ों के शोर और भगदड़ की आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो देखा कि आवारा कुत्तों का एक बड़ा झुंड भेड़ों पर हमला कर रहा था। परिवार के लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक कई भेड़ें दम तोड़ चुकी थीं और कई गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
हमले के बाद बाड़े में अफरा-तफरी मच गई। बची हुई भेड़ें डरकर इधर-उधर भाग गईं। एक ही रात में करीब 40 भेड़ों की मौत से पशुपालक के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इस हादसे ने उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।
घटना की सूचना मिलते ही बेला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल रोहित यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा ताकि शासन स्तर से पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर चिंता व्याप्त है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार