औरैया : श्रावण के प्रथम सोमवार की तैयारी का जायजा लेने जिलाधिकारी-एसपी देवकली मंदिर में पहुंचे, जलाभिषेक कर लिया आशीर्वाद
औरैया, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर शिव मंदिरों में आने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की व्यवस्था को लेकर एक दिन पूर्व रविवार को जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित देवकली मंदिर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से सुचारु रूप से जलाभिषेक कराने तथा महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने देवकली मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार