30 जुलाई तक पूरी करें तलैया योजना, लापरवाही पर रुकेगा वेतन: डीएम

 


औरैया, 17 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में विकास परियोजनाओं एवं जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रदेश सरकार के 'संभव 6.0' अभियान की प्रगति की समीक्षा के साथ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 'संभव 6.0' अभियान एक जुलाई से 30 सितंबर तक 'गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा' थीम पर संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नवजात शिशुओं, छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में कुपोषण की रोकथाम कर बेहतर पोषण सुनिश्चित करना है।

बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, पुष्टाहार वितरण, टीएचआर यूनिट के भुगतान तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बरसात के मद्देनजर डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, जल निकासी और जलभराव की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रोस्टर बनाकर प्रतिदिन गांवों का भ्रमण करने और विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डीएम ने 'हमारी तलैया योजना' के तहत चयनित सभी तालाबों का सुंदरीकरण 30 जुलाई तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे जलभराव की समस्या दूर होगी और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा तक कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित बीडीओ और एडीओ पंचायत का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार