जिलाधिकारी ने की जून में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा , दिए निर्देश

 


11 से 21 जून तक होंगे सम्मेलन, शिविर, कार्यशाला और योग कार्यक्रम।

औरैया, 04 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में इस माह होने वाले विभिन्न जनसंपर्क, जनजागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने गुरुवार काे संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त उद्योग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि 11 जून को विकासखंड औरैया में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन हाेगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून को सदर तहसील, 15 जून को बिधूना तहसील तथा 16 जून को अजीतमल तहसील में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपदभर में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार