जन चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
औरैया, 10 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड औरैया की ग्राम पंचायत बमुरीपुर में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए।
चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण, विद्युत आपूर्ति और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाए।
जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा जिला पूर्ति विभाग को पात्र लाभार्थियों तक समय से राशन पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत में नियमित साफ-सफाई कराने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर समस्याएं रखने का अवसर देना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव संजीव कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला उद्यान अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार