जिलाधिकारी ने किया ट्रामा सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण, मार्ग चौड़ा करवाने के दिए निर्देश

 


औरैया, 03 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने भगौतीपुर स्थित ट्रामा सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण कर मुख्य चिकित्साधिकारी से ट्रामा सेंटर के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि इस ट्रामा सेंटर में 02 विशेषज्ञ चिकित्सक परीक्षण आदि कार्यों हेतु 03 पैरामेडिकल, 03 मेडिकल अफसर तैनात है तथा 02 नर्सिंस स्टाफ को मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध किया गया है।

जिलाधिकारी द्वारा मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मुख्य सड़क से ट्रामा सेंटर तक बना पहुंच मार्ग ग्राम समाज से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करा कर कम से कम 03 मीटर चौड़ा पहुंच मार्ग बनवाया जाए ताकि मरीजों को लाने वाले वाहनों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो और आकस्मिक स्थिति में कम समय में रोगियों को ट्रामा सेंटर के माध्यम से चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करायी जा सके।

जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि आवास निर्माण के लिए जगह चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराना सुनिश्चित करें और ट्रामा सेंटर को 24 घंटे संचालित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने ट्रामा सेंटर के मेडिकल वेस्टेज के उचित निस्तारण हेतु संबंधित संस्थान से संपर्क कर उनसे अनुबंध कराए जाने तथा शासन के निर्देशानुसार सोलर सिस्टम स्थापित कराए जाने के निर्देश दिए।

उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह सहित ट्रामा सेंटर में कार्यरत चिकित्सक एवं कार्मिक आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार