औरैया : देवकली मंदिर में 5100वां पौधा रोपकर जीवनधारा अभियान का समापन

 


पर्यावरण प्रहरियों का किया अभिनंदन, रोपे गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा का भी लिया संकल्प

औरैया, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से चलाए जा रहे जीवनधारा पौधारोपण अभियान का रविवार को देवकली मंदिर परिसर में 5100वां पौधा रोपकर समापन किया गया। पांच जून विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू हुए अभियान के तहत शहर के प्रमुख मंदिरों, सार्वजनिक पार्कों, स्कूलों, ऐतिहासिक धरोहरों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों को क्लीन व ग्रीन रखने के उद्देश्य से पौधारोपण किया गया।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व रविवार सुबह सात बजे में देवकली मंदिर परिसर में अंतिम 5100वां पौधा रोपा गया। पौधारोपण के बाद अभियान का समापन किया गया। समारोह में अभियान में तन-मन और धन से सहयोग करने वाले पर्यावरण प्रहरियों का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम संयोजक मनीष पुरवार (हीरु) के अलावा बैंक से सेवानिवृत्त तेज बहादुर वर्मा, शेखर गुप्ता, अनिल कुमार सोनी, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, एलएन गुप्ता और विपुल पोरवाल को सम्मानित किया गया।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि अभियान समाप्त होने के बाद भी पौधों की देखभाल का क्रम जारी रहेगा। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर रोपे गए सभी 5100 पौधों को समय-समय पर पानी देने के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल की जाएगी। किसी स्थान पर पौधा सूखने या किसी कारण से नष्ट होने पर उसे चिन्हित कर वहां दोबारा नया पौधा रोपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी रोपे गए पौधों की देखभाल करना भी है। पौधों की देखभाल नन्हे बच्चों की तरह करनी होगी, तभी अभियान का उद्देश्य सार्थक होगा।

इस मौके पर मंदिर के सेवादार शिवजी, सत्य नारायण गुप्ता, डॉ. शिवकुमार सोनी, ओमजी दीक्षित, रामचंद्र सोनी, रामू गुप्ता, नरेंद्र शिवहरे, हिमांशु दुबे, राकेश कठेरिया, पप्पू सतीश पोरवाल आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार