सावन के चौथे सोमवार पर देवकली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा परिसर
औरैया, 24 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन के चौथे सोमवार पर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर बीहड़ों के बीच स्थित प्राचीन देवकली मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। लंबी-लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के मुख से गूंज रहे हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवक सेवा भाव से जुटे रहे और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करते दिखाई दिए।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी गई।
मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया।
आसपास सजी दुकानों पर श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का भरपूर आनंद लिया। दिनभर देवकली धाम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का केंद्र बना रहा। वही सुबह के समय करीब एक घंटे तक मंदिर में बिजली न आने से लोग अंधेरे में ही पूजा अर्चना करते हुए नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार