औरैया : घरों के पास तालाब में दिखे मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

 




वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान, पानी निकालकर की जा रही तलाश

औरैया, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम तातारपुर कलां में घरों के समीप सड़क किनारे बने तालाब में शुक्रवार काे मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बारिश और नाली का पानी तालाब में भर जाने के कारण उसमें करीब दो से तीन फीट लंबे दो से तीन मगरमच्छ नजर आए।

तालाब में मगरमच्छाें की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक प्रयासों में मगरमच्छों को पकड़ने में सफलता न मिलने पर टीम वापस लौट गई। इसके बाद शनिवार को वन विभाग ने दोबारा मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वन विभाग की टीम पंपिंग सेट की सहायता से तालाब में भरा पानी निकाल रही है, ताकि मगरमच्छों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

वनरक्षक रूबी ने बताया कि पानी कम होने के बाद मगरमच्छों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित पकड़कर यमुना नदी में छोड़ा जाएगा।

इधर, ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे गड्ढे के आसपास न जाएं और बच्चों को वहां खेलने न दें। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत सूचना वन विभाग काे देने की अपील की है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने तक क्षेत्र में वन विभाग की टीम निगरानी बनाए हुए है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार