औरैया : पानी भरे गड्ढे से निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़कर नदी में छोड़ा
औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल तहसील क्षेत्र के गांव ततारपुर कला में घरों के पास पानी भरे गड्ढे से निकलकर एक मगरमच्छ खेतों में पहुंच गया। खेत में मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हालांकि ग्रामीणों ने घबराने के बजाय सूझ-बूझ का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे बोरे में बंद कर सुरक्षित स्थान पर रखा गया और बाद में नदी में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के गांव के आसपास मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब तीन सप्ताह पहले गांव में घरों के पास पानी से भरे गड्ढे में मगरमच्छ के बच्चे दिखाई देने की जानकारी सामने आई थी। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी। जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को रेस्क्यू करने का प्रयास किया। इस दौरान एक मगरमच्छ के बच्चे को पकड़ लिया गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी।
बताया गया कि शुक्रवार को एक अन्य मगरमच्छ पानी भरे गड्ढे से निकलकर खेतों की ओर पहुंच गया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जुट गई। मगरमच्छ को देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने मगरमच्छ को बोरे में बंद कर सुरक्षित रखा। बाद में उसे नदी में छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों शिवेंद्र सिंह सेंगर, अंशू सेंगर का कहना है कि गांव के आसपास पानी भरे गड्ढे और जलभराव वाले स्थानों में अभी भी मगरमच्छ के अन्य बच्चे होने की आशंका है। ऐसे में ग्रामीणों को खेतों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर मगरमच्छों की तलाश कराई जाए। यदि क्षेत्र में अन्य मगरमच्छ या उनके बच्चे मौजूद हैं तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि किसी ग्रामीण, बच्चे या मवेशी को नुकसान न हो। साथ ही ग्रामीणों को भी ऐसे जलीय जीव दिखाई देने पर उन्हें पकड़ने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार