भाजपा क्षेत्रीय पदाधिकारियों का 14 सितंबर को औरैया आगमन, जिला इकाई ने स्वागत की बनाई रूपरेखा
औरैया, 10 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय तुर्कीपुर में गुरुवार को जिला संगठन की बैठक हुई। इसमें 14 सितंबर को नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री शिव सिंह भारती, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता और पूर्व जिला प्रभारी एवं नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह के प्रथम जनपद आगमन पर स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने पदाधिकारियों को स्वागत कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा महटोली पर क्षेत्रीय पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।
जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने बताया कि क्षेत्रीय नेताओं का महटोली, दयालपुर कट, देवकली चौराहा, सुभाष चौक, एलजी गार्डन और जिला कार्यालय पर स्वागत किया जाएगा। सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि जिले के दो पदाधिकारियों का क्षेत्रीय टीम में शामिल होना गौरव की बात है। इससे जिले के कार्यकर्ताओं की बात को मजबूती मिलेगी।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, राघव मिश्रा, विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, रजनीश पांडेय, अमरचंद्र राठौर, अखिलेश चक, स्वदेश पोरवाल, आशीष दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार