मोदी के जन्मदिन पर भाजपाई जलाएंगे आशीर्वाद का दीया, दस लाख दीपों से जगमगाएगा औरैया

 


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिलेभर में होंगे सेवा और जनकल्याण के कार्यक्रम

औरैया, 16 सितंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा इस बार सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाएगी। बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय तुर्कीपुर में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना कार्यकर्ताओं के लिए समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का अवसर है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जिलेभर में दस लाख से अधिक आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही मंदिरों में पूजा-पाठ और हवन, फल वितरण, रक्तदान समेत विभिन्न सेवा कार्य आयोजित होंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सभी बूथों पर दीप जलाएंगे। दीपावली की तरह दीपोत्सव आयोजित कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जाएगा।

बैठक में अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। इस दौरान जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, विशाल शुक्ला, भूरे चौबे, योगेंद्र कैथवार, इंद्रपाल पाल, मंजू चौहान, आशीष दुबे, प्रतीक सिंह, मोनू सेंगर, दीक्षांत गुप्ता, प्रतिमा अवस्थी, श्रद्धा चौहान, प्रभाकर सेंगर, सौरभ राजपूत, आशीष कठेरिया और अभिषेक त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार