सदर विद्यायक ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का किया भूमि पूजन

 


औरैया, 04 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लाक क्षेत्र के गांव भौंतापुर में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12 तक) के दूसरे चरण का निर्माण कार्य औरैया जिले में शुरू हो गया है। भवन निर्माण का भूमि पूजन गुरुवार को सदर विद्यालय गुड़िया कठेरिया ने किया।

उन्होंने कहा कि एक समय पर बीहड़ में शिक्षा व्यवस्था शून्य होने पर बच्चे नहीं पढ़ पाते थे, बंदूक पकड़ कर बदमाश बनते थे। बदमाशों का दौर तो काफी समय पहले खत्म हो गया है लेकिन अभी भी बीहड़ में शिक्षा व्यवस्था पीछे थी। कुछ प्राइवेट विद्यालय तो बीहड़ में काफी पहले खुल गए थे लेकिन बीहड़ क्षेत्र में अधिकांश लोग मजदूर वर्ग व लघु किसान होने के चलते महंगी फीस नहीं भर पाते हैं। उनकी इस समस्या को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से बीहड़ में शिक्षा व्यवस्था सुधरवाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री की ओर से उनके मुद्दे को गंभीरता से लेकर बीहड़ के भौंतापुर में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की सौगात दी। जल्द ही इस आधुनिक विद्यालय में बीहड़ पट्टी के बच्चे कलम पड़कर अपना व देश का भविष्य संवारेंगे।

बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि परियोजना के लिए अब तक 1010.16 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। निर्माण कार्य छह मई 2026 को शुरू हुआ है। इसे पांच नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस जल निगम नगरीय कन्नौज की ओर से निर्माण करवाया जा रहा है। यह विद्यालय 1500 बच्चों की क्षमता वाला मुख्य भवन होगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। परियोजना को 18 फरवरी 2026 को स्वीकृति मिली थी।

-विद्यालय में उपलब्ध सुविधाएं

इस मॉडल कम्पोजिट विद्यालय में बच्चों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसमें मिड-डे-मील की व्यवस्था, बाल-वाटिका और एक मल्टीपरपज हॉल, पार्किंग, सीसी सड़क शामिल है। प्रधानाचार्य और स्टाफ के लिए आवास भी बनाए जाएंगे। छात्रों के लिए डोरमेट्री की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके साथ हॉर्टिकल्चर के कार्य भी करवाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार