भाजपा सरकार किसानों की सच्ची हितैषी : देवेंद्र सिंह

 


औरैया, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी देवेंद्र सिंह का रविवार को लखनऊ से झांसी जाते समय औरैया जिला पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। जिले की सीमा पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, आलोक दुबे, सागर शुक्ला और संजू चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

इसके बाद दिबियापुर में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गिरीश तिवारी, अवधेश शुक्ला और गौरव श्रीवास्तव ने उनका स्वागत किया। औरैया के जालौन चौराहे पर जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे, लल्ला शर्मा, मन्नू तोमर और विशाल दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

जालौन चौराहे स्थित एक होटल में आयोजित परिचय एवं सम्मान समारोह में प्रदेश अध्यक्ष चौधरी देवेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है। पूर्ववर्ती सरकारों में किसानों का काफी अहित हुआ और किसान अपने आपको असुरक्षित महसूस करता था। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में किसान खुशहाल और सुरक्षित है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है और किसान अपनी उपज बेचकर सुरक्षित अपने घर लौट रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक खेती, फसल बीमा योजना, स्वाइल हेल्थ कार्ड और 10 हजार किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के निर्माण जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का काम किया है। डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में बिना किसी बिचौलिए के सीधे धनराशि पहुंचाई जा रही है।

देवेंद्र सिंह ने कहा कि किसान मोर्चा केवल राजनीतिक मंच नहीं है, बल्कि अन्नदाताओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने और सरकार की नीतियों को किसान के खेत तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम को किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राम बाबू द्विवेदी और क्षेत्रीय अध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला ने भी संबोधित किया।

इस मौके पर आसाराम राजपूत, रामजी बाजपेई, कोमल पोरवाल, नितिन अवस्थी, अजय तिवारी, अतुल शुक्ला, शिवम दीक्षित, आशीष दुबे, आशीष कठेरिया, राजेश अग्निहोत्री, शोभित दुबे, विवेक शुक्ला, पंकज तिवारी, राघवेंद्र दुबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार