बाबूजी ने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया : यशवीर सिकरवार
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी बाबूजी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, पद्म विभूषण से सम्मानित एवं करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत श्रद्धेय कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय औरैया में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया।
जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने कहा कि कल्याण सिंह बाबूजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, जनसेवा, सुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण के प्रतीक थे। उनका पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और विचारों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने सिखाया कि सत्ता से बड़ा सिद्धांत होता है और राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा व राष्ट्रसेवा है।
जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौर में कल्याण सिंह का संकल्प और उनकी भूमिका भारतीय राजनीति के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। श्रीराम और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी आस्था अटूट थी तथा राष्ट्रहित उनके लिए सदैव सर्वोपरि रहा।
उन्होंने कहा कि बाबूजी आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और आदर्श आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव पहुंचाएं और राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखें।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री मनु राजपूत, स्वदेश पोरवाल, जिला मंत्री सुनील बाल्मीकि, जगमोहन सिंह चौहान, सौरभ राजपूत, अनुराग दीक्षित, राजा भदौरिया, हरिओम राजपूत, राहुल सिंह, रामजी वाजपेई, प्रशांत राजपूत, सौरभ शुक्ला, कुंअर सिंह बाथम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार