हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाएगी भाजपा: आनंद सिंह
औरैया, 04 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की जबकि मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी आनंद सिंह रहे।
मुख्य अतिथि आनंद सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जन आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 10 से 14 अगस्त तक अधिक से अधिक घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों से संवाद कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय पर्वों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए तथा पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला को जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अभियान संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, यशवीर सिकरवार, मनु राजपूत, भूरे चौबे, इंद्रपाल सिंह पाल, अमर चंद्र राठौर, मंजू चौहान, योगेंद्र कैथवार, प्रतीक सिंह, आशीष दुबे, वासुदेव प्रजापति, रवीन्द्रीय शाक्य, विमल दुबे, देवेंद्र सिंह सेंगर, दीपक कश्यप, सोनू मिश्रा, सर्वेंद्र भदौरिया, राज्यवर्धन सिंह, रामजी बाजपेई, कुंवर सिंह बाथम, शिवेंद्र राजपूत, आशीष कठेरिया, सौरभ राजपूत सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार