बूथ भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, बूथ जीता तो चुनाव जीता : कमलावती सिंह

 


औरैया, 22 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी ने मिशन विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए बुधवार को जिले की तीनों विधानसभाओं—औरैया, दिबियापुर और बिधूना में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए। सम्मेलनों में बूथ संगठन को मजबूत बनाने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

औरैया विधानसभा का बूथ सम्मेलन मुरादगंज स्थित तिलक महल गार्डन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बूथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ, मजबूत संगठन और मजबूत राष्ट्र भाजपा का मूल मंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ जीता तो चुनाव जीता, इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना ही प्राथमिकता होनी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि हर पात्र व्यक्ति को उसका लाभ मिल सके। सम्मेलन में जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, योगेंद्र कैथवार, भूरे चौबे, अमरचंद राठौर, प्रतीक सिंह, दीक्षांत गुप्ता, सुनील वाल्मीकि सहित सभी बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

दिबियापुर विधानसभा के सम्मेलन में मुख्य अतिथि सतपाल सिंह अध्यक्ष, मिल्क बोर्ड ने कहा कि बूथ ही चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन और लोकतंत्र दोनों मजबूत होंगे। पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक परिवार से नियमित संपर्क बनाए रखने, नए मतदाताओं को जोड़ने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री मनु राजपूत, इन्द्रपाल पाल, राघव मिश्रा, मंजू चौहान, आशीष दुबे, कौशल राजपूत, सर्वेंद्र भदौरिया सहित सैकड़ों बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बिधूना विधानसभा सम्मेलन में मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और आगामी चुनाव को देखते हुए सभी को बूथ स्तर पर एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने मतदाता सूची के नियमित सत्यापन पर भी जोर दिया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रिया शाक्य और जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने लाभार्थियों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा पार्टी की विचारधारा एवं विकास कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन में जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, ऋषि पाण्डेय, आदर्श ठाकुर, वासुदेव प्रजापति, रविन्द्रीय शाक्य, कुलदीप राजावत सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार