भाजपा बूथ सम्मेलन में गूंजा ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का मंत्र
भाजपा के लिए पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता : सर्वेश कठेरिया
औरैया, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जिले की तीनों विधानसभाओं में मंगलवार को बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलनों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
औरैया विधानसभा के बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि आज का यह सम्मेलन केवल एक बैठक नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति को और अधिक मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। हमारा संकल्प है कि “मेरा बूथ–सबसे मजबूत” के मंत्र को प्रत्येक बूथ पर साकार किया जाए।
उन्होंने कहा कि बूथ ही चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। जब बूथ मजबूत होगा तभी संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो देश एवं प्रदेश भी मजबूत होगा। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाना चाहिए।
सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि समाज के हर वर्ग को भाजपा की नीतियों एवं उपलब्धियों से जोड़ना है। हमारा व्यवहार, सेवा और समर्पण ही जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा। इस दौरान सम्मेलन में आए सभी बूथ अध्यक्षों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
सम्मेलन में विशाल शुक्ला, भूरे चौबे, योगेंद्र कैथवार, अमरचंद राठौर, प्रतीक सिंह, कुंअर सिंह बाथम, रामजी बाजपेई, शिवेंद्र राजपूत, इंद्रपाल पाल, दीक्षांत गुप्ता, श्यामू अवस्थी, श्याम जी अवस्थी, अवध चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिबियापुर विधानसभा के बूथ सम्मेलन में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचानी है तथा प्रत्येक लाभार्थी से निरंतर संपर्क बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
सम्मेलन में राघव मिश्रा, मनु राजपूत, इंद्रपाल पाल, अखिलेश पाल, सर्वेंद्र भदौरिया, कुलदीप दुबे एवं आशीष दुबे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधूना विधानसभा के बूथ सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अपने-अपने बूथों पर नियमित बैठकें करें, नए मतदाताओं से संपर्क बनाएं तथा प्रत्येक लाभार्थी परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करें।
सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, रिया शाक्य, आदर्श ठाकुर, विमल दुबे, मंजू चौहान, सोनू मिश्रा, नवनीत राजपूत, कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार